प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज : जोधपुर में बारिश

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज : जोधपुर में बारिश


जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। जोधपुर में आज मौसम पूरी तरह से बदल गया। सुबह कई जगहों पर बारिश हुई, जिससे शहर में तापमान नीचे गिर गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि इस बारिश से किसान चिंतित दिखाई दे रहे है।

मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। आने वाले दिनों में भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। आज सुबह बारिश होने और बादल छाने की वजह से धूप भी नहीं खिली। वहीं हल्की बारिश से मौसम सुहाना होने के साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार बीस मार्च को जोधपुर संभाग में मौसम मुख्यत: शुष्क रह सकता है।

फसलों पर पड़ेगा असर :

बदलते मौसम का असर जोधपुर सहित आस-पास के इलाकों और गांवों में भी नजर आया। इस बार बारिश की वजह से जीरे की फसल में क्वालिटी पर इफेक्ट पड़ सकता है। बारिश की वजह से खेतों में खड़ी जीरा, रायड़ा जैसी फसलों को लेकर भी संकट आ खड़ा हुआ है। बावड़ी उपखंड क्षेत्र के खेड़ापा, सोयला, धनारी कलां, बिराई, बावड़ी और आसपास के ग्रामीण इलाकों सहित पूरे उपखंड में बेमौसम बारिश और बूंदाबांदी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। विशेष रूप से जीरा और ईसबगोल की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसान चिंतित हैं। जीरा की फसल पकने के साथ कटाई के अंतिम चरण में थी, इसलिए इसे सर्वाधिक नुकसान हुआ है। वहीं, ईसबगोल की फसल में नमी के कारण दाना काला पडऩे और खराब होने की आशंका है। कुछ किसानों ने बताया कि कटाई से ठीक पहले ही उनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story