जयपुर में बदला मौसम: दोपहर बाद झमाझम बारिश

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में बदला मौसम: दोपहर बाद झमाझम बारिश


जयपुर में बदला मौसम: दोपहर बाद झमाझम बारिश


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। राजधानी जयपुर में बुधवार सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 3 बजे बाद आसमान में काले घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों में पानी भर गया। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

बारिश के बाद जेएलएन मार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया। इससे वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। टोंक रोड, अजमेरी गेट, चारदीवारी, रेलवे स्टेशन, रामबाग और 22 गोदाम सर्किल सहित कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। 22 गोदाम सर्किल पर जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

चारदीवारी के निचले इलाकों में भी पानी भर गया। कई जगह सड़क पर पानी इतना बढ़ गया कि दोपहिया वाहन बंद हो गए। वाहन चालकों को पानी के बीच अपने वाहन धकेलकर ले जाना पड़ा। जयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का दौर रहा। फागी, आमेर, चाकसू, चौमूं, जालसू, जमवारामगढ़ सहित कई इलाकों में 1 से 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश फागी में 42 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा आमेर में 39, जमवारामगढ़ में 35, चौमूं में 32, चाकसू में 23, सांगानेर और तूंगा में 22-22, जालसू व जयपुर कलेक्ट्रेट में 21-21, कोटखावदा में 18, शाहपुरा में 15, जेएलएन मार्ग में 15, रामपुरा डाबरी में 14 और सांभर में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। आंधी, बस्सी, दूदू, जोबनेर, कालवाड़, किशनगढ़-रेनवाल, मौजमाबाद, माधोराजपुरा, नरैना और फुलेरा में भी हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में 1 जून से अब तक 255.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 25 फीसदी कम है। 1 जून से 11 अगस्त तक जयपुर में सामान्य बारिश 341 मिमी मानी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story