पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट


पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। राजस्थान में भीषण गर्मी और बढ़ती उमस से परेशान लोगों को गुरुवार से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव होगा। इसके चलते जयपुर, अलवर सहित 12 जिलों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम तंत्र का प्रभाव 14 जून तक बना रह सकता है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, कोटा, चित्तौड़गढ़, जयपुर और अलवर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा चूरू में 44.7, फलोदी में 43.8, जैसलमेर में 43, बीकानेर में 42.4, बाड़मेर में 42.3 तथा अलवर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज आंधी, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story