राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम: चार तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम: चार तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट


जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बुधवार को भी प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में दोपहर बाद बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

इस सिस्टम का सबसे अधिक असर बीकानेर संभाग में देखने को मिला, जबकि जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्के बादलों के कारण धूप कमजोर रही और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, गुरुवार, दो अप्रैल से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से तीन और चार अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम फिर करवट लेगा। इस दौरान कई स्थानों पर आंधी-बारिश के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर के क्षेत्रों में बादल छा गए।

इन इलाकों में हल्की से मध्यम हवा चलीं और सीमावर्ती क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। वहीं जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक में हल्के बादल छाए रहने से तापमान में मामूली गिरावट आई।

बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में मापा गया, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बाड़मेर में 35.5, जोधपुर और बीकानेर में 35.4, कोटा में 35.8, अलवर में 35, उदयपुर में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

जयपुर, सीकर और अजमेर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, फलोदी, अलवर, झुंझुनूं, टोंक, सवाई माधोपुर और दौसा जिलों में इस सिस्टम का ज्यादा असर रहेगा। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पांच अप्रैल से इस सिस्टम का असर धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा और प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story