मौसम आधारित कृषि सलाह का पालन करने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
मौसम आधारित कृषि सलाह का पालन करने की अपील


जोधपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। अल नीनो के संभावित प्रभाव एवं वर्षा की वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए कृषि विभाग ने किसानों से मौसम आधारित वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन अपनाने की अपील की है।

संयुक्त निदेशक कृषि जोधपुर डॉ. जीवन राम भाखर ने कहा कि किसान कृषि विभाग एवं भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी प्रमाणिक मौसम पूर्वानुमान और कृषि सलाह के अनुरूप ही कृषि कार्य करें, ताकि संभावित जोखिम कम हो तथा फसल उत्पादन सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि जिन किसानों द्वारा खरीफ फसलों की बुआई की जा चुकी है, वे खड़ी फसल में अंत:शस्य क्रियाएं, जैसे निराई-गुड़ाई एवं खरपतवार नियंत्रण, समय पर करें। इन उपायों से भूमि में नमी का संरक्षण होगा तथा फसल की स्वस्थ वृद्धि में सहायता मिलेगी। जिन क्षेत्रों में सिंचाई जल उपलब्ध है, वहां आवश्यकता अनुसार सिंचाई भी अवश्य करें।

डॉ. भाखर ने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक खरीफ फसलों की बुआई नहीं की है, वे आगामी वर्षा होने पर कम अवधि में पकने वाली खरीफ फसलों की अनुशंसित एवं सूखा सहनशील किस्मों का चयन कर बुआई करें, जिससे प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर जारी तकनीकी एवं वैज्ञानिक सलाह का पालन करने तथा किसी भी कृषि संबंधी समस्या के समाधान के लिए निकटतम कृषि विभाग कार्यालय अथवा कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story