बीकानेर काे बनाएंगे स्वच्छ-सुंदर, जरुरत पड़ी तो विपक्ष काे भी साथ लेंगे : मेयर अनिल कल्ला

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर काे बनाएंगे स्वच्छ-सुंदर, जरुरत पड़ी तो विपक्ष काे भी साथ लेंगे : मेयर अनिल कल्ला


बीकानेर, 21 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर नगर निगम के मेयर बने अनिल कल्ला ने साेमवार काे कहा कि वे निगम के सभी 80 वार्डों में बेहतर तरीके से कार्य करते हुए बीकानेर शहर काे राजस्थान का सबसे बेस्ट स्वच्छ-सुंदर शहर बनाएंगे। इसके लिए जरुरत पड़ी ताे वे विपक्ष का भी साथ लेंगे। ओर ताे ओर हर वार्ड की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

मेयर बनने के बाद मीडिया से बातचीत में कल्ला ने कहा कि बीकानेर को लेकर उनका विजन बड़ा है। ये एक दिन का काम नहीं है। मौका मिला तो विपक्ष को साथ लेकर, सभी को साथ लेकर प्लान किया जाएगा। ये काम किया जाएगा कि आने वाले समय में बीकानेर राजस्थान का सबसे बेस्ट शहर बनाया जाएगा। ऐसा प्रयास करेंगे। सबसे पहले स्वच्छता ही सबसे बड़ी समस्या है। हम जहां भी जाते हैं, देखते हैं जगह-जगह कचरे के ढेर पड़े हैं, रोड़ लाइट्स बंद हैं। सबसे पहला फोकस इसी पर रहेगा कि इस शहर को कैसे स्वच्छ और सुंदर बना सकें। सभी मुद्दों पर काम किया जाएगा। पहली प्राथमिकता छोटी समस्याओं पर रहेगी, ताकि जनता को लगे कि उनका काम हो रहा है। बड़े मुद्दों पर भी काम किया जाएगा। पूरा प्रयास रहेगा कि सभी समस्याओं को जड़ से समाप्त किया जाए।

कल्ला ने कहा- उनका पूरा प्रयास है कि सभी अस्सी वार्डों पर माइक्रो लेवल पर काम किया जाए। एक-एक वार्ड की एक-एक समस्या का समाधान किया जाए। हमारे सभी साथियों के साथ बातचीत करके योजना बनाई जाएगी। हम कोशिश करेंगे कि मूलभूत समस्याओं का समाधान किया जाए। जनता का भरोसा जीतना ही हमारी प्राथमिकता है। कोशिश रहेगी कि हम इतना काम करें कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बीकानेर पूर्व और पश्चिम की दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में जाएं। हम जनता को बताना चाहते हैं कि नगर निगम में किस तरह से काम होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story