20 साल बाद पांचना बांध से छोड़ा गया पानी

WhatsApp Channel Join Now
20 साल बाद पांचना बांध से छोड़ा गया पानी


करौली, 06 जुलाई (हि.स.)। करीब 20 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को करौली जिले के पांचना बांध से पानी छोड़ा गया। जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बटन दबाकर बांध के तीन गेट खोले। इसके साथ ही गंभीर नदी, कमांड क्षेत्र की नहरों और गुडला-पांचना लिफ्ट परियोजना के लिए जल प्रवाह शुरू किया गया।

इस अवसर पर 61 करोड़ रुपये की लागत से गुडला-पांचना लिफ्ट परियोजना के जीर्णोद्धार तथा दो नई लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं से क्षेत्र के 21 राजस्व गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने की उम्मीद है।

पांचना बांध के पानी को लेकर पिछले दो दशकों से विवाद चला आ रहा था। हाल ही में राज्य सरकार की पहल और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद पानी छोड़ने का रास्ता साफ हुआ। बांध से पानी छोड़े जाने पर क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल रहा, हालांकि सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी क्षेत्र में कुछ किसानों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध भी जताया।

सरकार का कहना है कि लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की खेती और उत्पादन में सुधार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story