जयपुर में वॉटर लेडी ऑफ इंडिया अमला रुइया का भव्य हुआ अभिनंदन

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में वॉटर लेडी ऑफ इंडिया अमला रुइया का भव्य हुआ अभिनंदन


जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ी महासभा की ओर से संचालित ‘हिमालय बचाओ अभियान’ के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को जयपुर स्थित पत्रिका गेट पर ‘वॉटर लेडी ऑफ इंडिया’ अमला रुइया का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें नीम का पौधा भेंट किया गया।

मारवाड़ी महासभा के इस अभियान के तहत आयोजित स्वागत समारोह में ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने अपने सहयोगी बिट्ठल माहेश्वरी तथा संस्था के अन्य सदस्यों के साथ रुइया की अगवानी की। अभियान के शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप उन्हें नीम का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अमला रुइया के अभिनंदन के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें जयपुर के श्मशानों में नीम के पौधे लगाने वाली प्रथम महिला शशि लखोटिया, सार्क देशों में ख्याति प्राप्त महिला उद्योगपति नीता बुचरा, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मुकेश मीणा, शारजाह के वैज्ञानिक डॉ. सुनिल मुन्दड़ा, सुप्रीम कंप्यूटर्स के मनोहर भंडारी, जयपुर के प्रसिद्ध जौहरी रामदास सोंखिया,मारवाड़ी महासभा के राष्ट्रीय सभापति महेश राठी सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी एवं नीम संरक्षण अभियान से जुड़े नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। नीम जैसे औषधीय एवं पर्यावरण हितैषी वृक्षों का अधिकाधिक रोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

मारवाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था वर्षों से जयपुर में निःशुल्क नीम के पौधों का वितरण कर रही है। इसका उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाना, लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि ‘हिमालय बचाओ अभियान’ भी प्रकृति संरक्षण और जल-वन-पर्यावरण के प्रति समाज में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story