जमवारामगढ़ के 234 गांवों में ‘हर घर जल’ का लक्ष्य, 62 गांवों में काम पूरा

WhatsApp Channel Join Now
जमवारामगढ़ के 234 गांवों में ‘हर घर जल’ का लक्ष्य, 62 गांवों में काम पूरा


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि विधानसभा क्षेत्र जमवारामगढ़ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 234 गांवों के 46,295 घरों को हर घर जल कनेक्शन दिया जाना प्रस्तावित है। अब तक 62 गांवों में कार्य पूर्ण कर आमजन को लाभान्वित किया जा चुका है, जबकि 44 गांवों में कार्य प्रगतिरत है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक महेन्द्र पाल मीना के पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि 47 गांवों में संवेदक द्वारा कार्य नहीं करने पर आगामी मार्च माह में ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 68 गांवों में मैसर्स श्याम एवं गणपति ट्यूबवेल से जुड़े प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिनमें विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 13 गांवों में निविदा प्रक्रिया जारी है, जबकि 4 गांव शहरी क्षेत्र में शामिल होने के कारण वहां कार्य नहीं किया जा रहा है।

शेष गांवों के लिए निर्देश जारी कर अगले माह टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री ने कहा कि न्यायालय में वाद लंबित होने से बाधित गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 3 करोड़ 45 लाख रुपये का प्रावधान किया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्युत बिलों के कारण कोई भी पेयजल योजना बंद नहीं की जाएगी और इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि जमवारामगढ़ के 234 गांवों को लाभान्वित करने के लिए कुल 217 योजनाओं को पूर्व में स्वीकृति दी गई थी। इनमें 62 योजनाएं पूर्ण, 43 प्रगतिरत हैं। शेष 112 योजनाओं में से 58 न्यायालयीन वाद के कारण बंद हैं, 41 योजनाओं में संवेदक द्वारा कार्य पूर्ण नहीं करने पर अनुबंध शर्तों के अनुसार कार्रवाई प्रक्रियाधीन है, 9 योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जारी है तथा 4 योजनाएं संबंधित गांवों के शहरी क्षेत्र में सम्मिलित होने के कारण क्रियान्वित नहीं की गईं।

मंत्री ने बताया कि न्यायालयीन प्रकरणों में निर्णय के बाद अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की बजट घोषणा के अनुरूप 145 ग्रामों एवं ढाणियों को चरणबद्ध रूप से योजना से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story