बीकानेर रेल मंडल में वॉशिंग लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर जल्द ही 18 होने से मिलेंगी लंबी दूरी की गाड़ियां
बीकानेर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर संपूर्ण 1780 रूट किलाेमीटर का विद्युतीकरण हो चुका है। वर्तमान में मंडल पर कुल 114 यात्री गाड़ियों तथा मालगाड़ियों (आवश्यकतानुसार) का संचालन विद्युतचालित इंजन से किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक गाैरव गाेविल ने बताया कि वॉशिंग लाइन को लेकर मंडल पर कार्य प्रगति पर है। लालगढ़ में 3 वॉशिंग लाइनों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनका शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हनुमानगढ़ में 1 वॉशिंग लाइन तैयार हो चुकी है, जो शीघ्र ही गाड़ियों के अनुरक्षण हेतु उपयोग में लाई जाएगी। सूरतगढ़ में 2, हिसार में 2 तथा भिवानी में 1 वाशिंग लाइन स्वीकृत हो चुकी है, जिनका निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इस प्रकार मंडल पर वॉशिंग लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर भविष्य में 18 हो जाएगी।
विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल की माैजूदगी में बीकानेर में रेल विकास कार्य-समीक्षा बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मंडल पर दोहरीकरण कार्य तीव्र गति से चल रहा है इसके अन्तर्गत मनहेरू- भिवानी (13 किमी) एवं रतनगढ-चुरू खंड (44) किमी) का कार्य पूर्ण किया गया तथा 24.01.26 को चुरू-दुधवाखारा खंड (29 किमी) में भी दोहरीकरण का कार्य पूर्ण कर ट्रेन संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही उक्त खंडो में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली भी चालू की है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय ऋतुराज शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, सहायक मंडल संरक्षण आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर कैरिज एंड वैगन मुकेश यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारीगण एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

