दो दिन पांच संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव

WhatsApp Channel Join Now
दो दिन पांच संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव


जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में बारिश का दौर धीमा पड़ हुआ है। शुक्रवार को 8 शहरों में हल्की बारिश हुई। गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु व आसपास और उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में आगामी दो दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश बारां के किशनगंज में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बारां, भरतपुर, धौलपुर, कोटा, उदयपुर और कुछ अन्य शहरों में हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरु व आसपास के क्षेत्रों में 22-23 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में भी आगामी एक सप्ताह कमजोर मानसून परिस्थितियां रहने व अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों के भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में 22-23 अगस्त को कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और हल्की धूप भी खिली। इससे जयपुर के पारे में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story