वक्फ अधिनियम 2013 देश की संपत्तियों को हड़पने वाला, कांग्रेस की सोच-भारत इस्लामिक देश बनें : दिलावर

WhatsApp Channel Join Now
वक्फ अधिनियम 2013 देश की संपत्तियों को हड़पने वाला, कांग्रेस की सोच-भारत इस्लामिक देश बनें : दिलावर


बाड़मेर, 5 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को कहा कि वक्फ अधिनियम 2013 निहायत बेकार था, देश की संपत्तियों को हड़पने वाला था। यह देश को इस्लामिक देश बनाने का षड्यंत्र था। इसमें प्रावधान कर दिया गया कि इस्लाम को मानने वाले लोग कहीं पर भी बैठ जाते हैं। लाखों संपत्तियों पर इसी तरह से कब्जा हुआ है। कांग्रेस की सोच थी कि देश इस्लामिक देश बन जाए।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री दिलावर ने शनिवार काे गादान ग्राम पंचायत के भवन का लोकार्पण किया। यहां उन्होंनें मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि

थर्ड ग्रेड के ट्रांसफर जिले से बाहर नहीं होते हैं। वहीं, अंग्रेजी स्कूलों पर निर्णय के लिए सीएम ने उपसमिति बनाई गई है, वो फैसला लेगी।

थर्ड ग्रेड शिक्षकों के ट्रांसफर का इंतजार करने के जवाब में मंत्री ने कहा कि वो गलत इंतजार कर रहे है। जिस जिले में उनको जहां नौकरी मिली है, वहीं पर रहना होता है। क्योंकि थर्ड ग्रेड का जिले से बाहर ट्रांसफर नहीं होता है। सैकेंड ग्रेड का संभाग से बाहर ट्रांसफर नहीं होता है। फर्स्ट ग्रेड का राजस्थान में कहीं पर ट्रांसफर हो सकता है। फिर कई कठिनाइयां हो सकती है। उनको मद्देनजर रखते हुए सीएम भजनलाल शर्मा निर्णय करेंगे।

दिलावर ने कहा कि वक्फ अधिनियम 2013 निहायत ही बेकार था। देश की संपत्तियों को हड़पने वाला था। इस देश को इस्लामिक देश बनाने का षड्यंत्र था। यह प्रावधान कर दिया कि इस्लाम को मानने वाले लोग कहीं पर भी बैठ जाते हैं। नमाज, सांस्कृतिक, मांगलिक प्रोग्राम कर देते हैं, वो जमीन उनकी हो जाएगी। यदि वक्फ बोर्ड के खाते में लिखने के बाद जिला कलेक्टर के पास जाएंगे, यह हमारी जमीन है। हमने यह-यह प्रोग्राम कर दिए हैं। जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी थी उनको कब्जा दिलाने की। ऐसे लाखों संपत्तियां जिस पर इस प्रकार से कब्जा हुआ है।

सामान्यतया हम सोचते है कि किसी को कोई आपत्ति हो तो कोर्ट में जाए लेकिन इसमें कोर्ट में जाने का प्रावधान नहीं था। ट्रिब्यूनल में जाएगा। उसमें भी केवल इस्लाम को मानने वाले ही सदस्य होंगे। और कोई नहीं होगा। बेवकूफपन की बात है। यह सभी अत्याचार कांग्रेस साल 2013 में करके गई है। वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम के तहत किया था। यानी कांग्रेस की सोच थी इस्लामिक देश बन जाए। फिर कुछ हिंदू लोग इस बात का समर्थन कर रहे है यह बिल पास नहीं होना चाहिए था। या तो उनकी इस राष्ट्र में श्रद्धा नहीं है या उनकी राष्ट्रीयता मर चुकी है या इस्लाम को गिरवी रखना चाहते है। नए कानून के खिलाफ कभी भी लोग सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट सभी पहुलओं को सुनने के बाद निर्णय करेगा। सबको मान्य होगा।

महाराणा सांगा पर की गई टिप्पणी के सवाल पर दिलावर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन पर जो टिप्पणी की गई थी वो निदंनीय थी। महाराणा सांगा महान वीर योद्धा थे। शरीर पर 80 घाव शरीर पर होने के बावजूद अपनी लड़ाई लड़ते रहे। ये आक्रांता के वंशज इस प्रकार की चर्चाएं कर रहे है। आक्रांताओं के पूर्वज इनसे मिले हुए थे। उनके तलवे चाटते थे। वो इस प्रकार की चर्चाएं कर रहे हैं।

दिलावर ने कहा कि राजस्थान और केंद्र सरकार मिलकर अब तक ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई के लिए एक लाख रुपए माह में दिए जा रहे है। फिर भी सफाई नहीं हो रही है। यह चिंता का विषय है। मैंने कई ग्राम पंचायतों को देखा वहां पर सफाई नहीं हो रही और भी कई ग्राम पंचायतों में नहीं हो रही होगी लेकिन मैंने दो ग्राम पंचायत को देखा है।

हम इसको लेकर एनालिसिस करेंगे किसको क्या दंड देना चाहिए। उचित दंड देंगे। सरकार का पैसा फालतू का नहीं है। स्पष्ट कह दिया है कि आगे भी मुझे इस बार कि कमियां मिली तो प्रधान, बीडीओ, ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच के साथ-साथ सीईओ तक के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पिछली बार जब बाड़मेर आए थे तब मैंने कुछ के खिलाफ कार्रवाई की है। मैं पूरे राजस्थान को साफ-सुथरा देखना चाहता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story