लुकाछुपी खेलते समय दो सगी बहनों पर गिरी दीवार, एक की मौत-दूसरी गंभीर घायल
बाडमेर, 29 मई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र के मालपुरा गांव में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन घर में लुकाछुपी खेल रही दो सगी बहनों पर रसोई की दीवार गिर गई। हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार हादसा धोलपालिया नाडा गांव में हुआ।
परिवार के सदस्य भूराराम ने बताया कि घर का निर्माण कार्य चल रहा था और रसोई की चिमनी से जुड़ी दीवार कुछ समय पहले ही बनाई गई थी। शुक्रवार को निर्माण कार्य बंद था, इसलिए परिवार के 4 से 5 बच्चे वहां लुकाछुपी खेल रहे थे।
इसी दौरान चेतनराम की बेटियां ललिता (8) और ज्योति (9) चिमनी के पास छिप गईं। तभी अचानक रसोई की दीवार भरभराकर दोनों बच्चियों के ऊपर गिर गई। दोनों मलबे में दब गईं। अन्य बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चियों को बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को तत्काल बाड़मेर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ललिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल ज्योति का इलाज जारी है।
डॉक्टरों ने उसका एक्सरे और सीटी स्कैन करवाया है, जिसमें गंभीर चोटें सामने आई हैं।
मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सदर थाना सीआई करतार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को अस्पताल और घटनास्थल पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

