डूंगरपुर में द्वितीय चरण के लिए आज 209 ग्राम पंचायतों में सजेगा चुनावी रण
डूंगरपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में गांवों की सरकार चुनने के लिए चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में 209 ग्राम पंचायतों में मतदान कराने के लिए मंगलवार को 572 मतदान दलों की रवानगी की तैयारी के बीच मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर देशलदान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव में छोटी-सी चूक भी भारी पड़ सकती है, इसलिए प्रत्येक कार्मिक सजगता, निष्पक्षता और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करे।
श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन के लिए टीम भावना, आपसी समन्वय और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना जरूरी है। उन्होंने प्रथम चरण में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और दूसरे चरण में भी इसी मुस्तैदी से काम करने की अपेक्षा जताई।
द्वितीय चरण के चुनाव में जिले की सात पंचायत समितियों डूंगरपुर, पाल देवल, बिछीवाड़ा, गामड़ी अहाड़ा, साबला, आसपुर और दोवड़ा में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इन क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव होंगे। चुनाव की व्यवस्थाओं के तहत 572 मतदान दल और 572 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। व्यवस्था की निगरानी के लिए 60 जोन-सेक्टर बनाए गए हैं। दूसरे चरण में जिला परिषद के कुल 17 वार्डों, पंचायत समिति सदस्य के 115 वार्डों और ग्राम पंचायतों के 1755 वार्डों में चुनावी प्रक्रिया संचालित होगी।
द्वितीय चरण में कुल 5,16,532 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,61,191 पुरुष, 2,55,337 महिला और चार ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अंतिम प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित बुकलेट का गंभीरता से अध्ययन करने, मतदान दिवस की समयवार योजना बनाने और प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी पहले से तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका समाधान तलाशें और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में समन्वय के साथ काम करें। मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सावधानी बरतते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र रेगर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी भंवरलाल, उपखंड अधिकारी डूंगरपुर सोनू कुमार गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा गोड, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी नवीन चंद्र मीणा और एडीपीसी रणछोड़ लाल डामोर सहित संबंधित अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे। डीएलएमटी वैभव पाठक, शैलेंद्र रावल, दुष्यंत पंडया, दुर्गा शंकर गामोट और हरिप्रसाद शर्मा ने मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

