अजमेर में द्वितीय चरण के लिए मतदान शुक्रवार को
कलेक्टर लोकबंधु और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
किशनगढ़ में प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात
अजमेर, 10 सितम्बर(हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव- 2026 के अन्तर्गत द्वितीय चरण के लिए मतदान शुक्रवार 11 सितम्बर को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े समस्त दल निर्धारित स्थानों के लिए गुरुवार को रवाना हुए। नगर निगम अजमेर के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर से, नगर परिषद किशनगढ़ के लिए कंवर लाल पाटनी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय किशनगढ़ एवं नगर परिषद पुष्कर के लिए खादी ग्रामोद्योग भवन पुष्कर से प्रस्थान किया। नियुक्त मतदान दलों का द्वितीय एवं अन्तिम प्रशिक्षण के उपरान्त दल रवाना हुए।
नगर परिषद निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला कलेक्टर लोकबंधु और जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने अजमेर, किशनगढ़ पहुंचकर शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा चुनावी व्यवस्थाओं की स्थिति जानी।
अधिकारियों ने विशेष रूप से संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों के आसपास भी पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
कलेक्टर और एसपी ने राजकीय पाटनी महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और अन्य इंतजामों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन का स्पष्ट फोकस मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर है। अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को भी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल, सीओ सिटी धर्मराज चौधरी, सीओ ग्रामीण आयुष वशिष्ठ, तहसीलदार अंकुर जैन, सीडीपीओ मेघा सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिले के नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को अजमेर नगर निगम के 80, किशनगढ़ नगर परिषद के 60 तथा पुष्कर नगर परिषद 25 वार्डों में मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि मतगणना दलों का प्रशिक्षण कार्य प्रभारी अधिकारी मतगणना दल गठन एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ द्वारा 12 सितम्बर को किया जाएगा। मतगणना कार्य सम्पादित किए जाने का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 14 सितम्बर को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पदों के लिए नगर निकाय निर्वाचन के लिए निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस उपलब्ध कराते हुए प्राप्ति रसीद प्राप्त करना (लोक सूचना) का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 15 सितम्बर को किया जाएगा। नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अन्तिम तिथि 16 सितम्बर रहेगी। नामांकन पत्रों के संवीक्षा की तिथि का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 17 सितम्बर को किया जाएगा। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक रहेगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन का कार्य संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर को किया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन का कार्य 22 सितम्बर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10 बजे से होगा। नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रातः 11 बजे तक किया जा सकता है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 से सायं 5 बजे तक होगा। मतगणना का कार्य मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

