राजस्थान की 3314 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू, शाम 6 बजे तक पड़ेंगे वोट; रात में आएंगे नतीजे

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान की 3314 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू, शाम 6 बजे तक पड़ेंगे वोट; रात में आएंगे नतीजे


जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत शनिवार सुबह सात बजे से 3314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

पहले चरण में प्रदेश के 16 जिलों की ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जा रहे हैं। इस चरण में सरपंच पद के 3314 और वार्ड पंच के 28,682 पदों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव मैदान में सरपंच पद के करीब 25 हजार दावेदार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार मतदान ईवीएम के बजाय मतपत्रों से कराया जा रहा है।मतदाता को सरपंच और वार्ड पंच के लिए अलग-अलग मतपत्रों पर अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना है।

ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। सरपंच पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया। अब मतदान के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होनी शुरू हो गई है। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना होगी। इसके बाद परिणामों से तय होगा कि गांव की कमान किसके हाथ में जाएगी।

जयपुर जिले की 212 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान जारी है। यहां 1525 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले की किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच का निर्विरोध निर्वाचन नहीं होने के कारण सभी 212 पंचायतों में मुकाबला हो रहा है। चौमूं पंचायत समिति की 34 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक 301 प्रत्याशी मैदान में हैं।

अजमेर जिले की छह पंचायत समितियों की 122 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। जिले में 4 लाख 5 हजार 41 मतदाता 804 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। श्रीनगर पंचायत समिति में सर्वाधिक 1 लाख 1 हजार 76 मतदाता हैं। वहीं अजमेर ग्रामीण क्षेत्र की एकमात्र ग्राम पंचायत नांद में सबसे कम मतदाता हैं।

कोटा जिले में पहले चरण के तहत 163 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित थे। इनमें गिरधरपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच और वार्ड पंचों के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब 162 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। इन सीटों पर 1129 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले में 162 सरपंच और 1441 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

अजमेर जिले की सरवाड़ पंचायत समिति की सांपला ग्राम पंचायत में अर्जुन सिंह राठौड़ निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए हैं। यहां सभी वार्ड पंच भी निर्विरोध चुने गए।

शेरगढ़ ग्राम पंचायत में भी सभी वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

पहले चरण की चुनाव प्रक्रिया रविवार को उपसरपंच के निर्वाचन के साथ पूरी होगी। शनिवार को निर्वाचित होने वाले वार्ड पंच अगले दिन उपसरपंच चुनेंगे। इस तरह दो दिन की चुनावी प्रक्रिया के बाद ग्राम पंचायतों में नई ग्रामीण सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765819 Articles

Share this story