गरबा और दीपदान के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
गरबा और दीपदान के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक


बीकानेर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी पंचायत आम चुनाव 2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के आदेशानुसार तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी शैलजा पांडे के निर्देशन में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

स्वीप सह प्रभारी एवं पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने बताया कि इसी क्रम में गुरुवार को पंचायत समिति मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर गरबा नृत्य और दीपदान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। नवरात्र के अवसर पर रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में ग्रामीण मतदाताओं ने गरबा नृत्य के जरिए मतदान का संदेश दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को आगामी पंचायत चुनाव में निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत निर्धारित कैलेंडर के अनुसार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत वोट मैराथन, दिव्यांग एवं वृद्धजन मतदाता संवाद, मतदान जागरूकता रंगोली एवं मेहंदी तथा नारी शक्ति संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनका उद्देश्य मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा मतदान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इन प्रयासों के जरिए आमजन को आगामी पंचायत चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story