विश्व हिंदू परिषद अजमेर महानगर बनाएगा 25 हजार हितचिंतक

WhatsApp Channel Join Now
विश्व हिंदू परिषद अजमेर महानगर बनाएगा 25 हजार हितचिंतक


सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित, वीएचपी कनेक्ट ऐप के माध्यम से होगा अभियान का संचालन

अजमेर, 4 नवम्बर(हि.सं.)। विश्व हिंदू परिषद अजमेर महानगर द्वारा संगठन के विस्तार एवं सदस्यता अभियान को गति देने के उद्देश्य से परिषद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत अजमेर महानगर में व्यापक स्तर पर हितचिंतक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अभियान के माध्यम से अजमेर महानगर में 25 हजार हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रखंड अध्यक्ष संदीप बंसल ने बताया कि बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान की रूपरेखा एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विश्व हिंदू परिषद द्वारा 'वीएचपी कनेक्ट' नामक मोबाइल ऐप भी कार्यकर्ताओं के मोबाइल में इंस्टॉल करवाया गया। इस ऐप के माध्यम से प्रांतीय, महानगर एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से जोड़ा गया है, जिससे सदस्यता अभियान के संचालन एवं समन्वय में सुविधा मिल सके।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश किशन गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को वीएचपी कनेक्ट ऐप की विस्तृत जानकारी देते हुए इसकी उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने सदस्यता अभियान को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने तथा संगठन के प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अजमेर महानगर में निर्धारित 25 हजार हितचिंतकों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समर्पण एवं संगठनात्मक समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। अभियान को महानगर से लेकर प्रखंड स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद की प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस स्नेहलता पवार, प्रांत सह मंत्री एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश किशन गुर्जर, प्रांत सत्संग प्रमुख अलका गौड़, विभाग मंत्री लेखराज सिंह राठौड़, अजमेर महानगर मंत्री कैलाश सिंह भाटी, बजरंग दल संयोजक चेतन सैनी, प्रखंड-2 अध्यक्ष संदीप बंसल, उपाध्यक्ष प्रकाश खन्ना, प्रखंड समरसता संयोजक राज सोनकर, सचिन मधुकर सहित विहिप, मातृशक्ति व बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा तकनीक के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story