विराट सिंधु मेले में उमड़ा जनसैलाब:मोहित सेवानी के गीतों पर झूमे लोग
जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। पूज्य सिंधी पंचायत सेक्टर-12 मानसरोवर एवं श्री झूलेलाल फाउंडेशन राजस्थान के तत्वावधान में 9वें विराट सिंधु मेले का आयोजन एसएफएस सामुदायिक केंद्र मानसरोवर में धूमधाम से किया गया।
मेला प्रमुख एवं समिति के अध्यक्ष मुकेश लख्याणी ने बताया कि मानसरोवर की पूज्य सिंधी पंचायत एवं श्री झूलेलाल फाउंडेशन पिछले 9 वर्षों से समाज को संगठित करने और सिंधियत की परंपरा को बनाए रखने के उद्देश्य से विराट सिंधु मेले का आयोजन करते आ रहे हैं।
सिंधियत को सजीव प्रारूप प्रदान करता हुए ये सिंधु मेले की शुरुआत से पूर्व 501 ज्योतों की विशाल ज्योत यात्रा झूलेलाल मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ निकाली गई। यह जयपुर की पहली ऐसी भव्य ज्योत यात्रा थी, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मेले की शुरुआत बच्चों की रंग भरो प्रतियोगिता तथा विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं से की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में कई तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाए गए , साथ ही भोजन की व्यवस्था भी की गई। मेले में झांकियों द्वारा सिंध की हिंगलाज माता की गुफा दर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही , साथ ही सिंधी स्कूल व अमरापुर दरबार का झांकी प्रदर्शन भी रहा ।
इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर अमरापुर दरबार के संतों सहित अनेक सिंधी संतजन उपस्थित रहे। साथ ही काले हनुमान जी मंदिर, चांदी की टकसाल से गोपालदास महाराज, खाटू श्याम से मनवेंद्र सिंह , जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावत,चेयरमेन भारती लखयानी, पार्षद मनोज तेजवानी सहित कई नेताओं की उपस्थिति रही ।
विराट सिंधु मेला हर वर्ष संस्था द्वारा बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इस बार के मेले को भव्य एवं आकर्षित बनाने हेतु पंचायत द्वारा विश्व विख्यात गायक मोहित सेवानी को बुलाया गया , मोहित सेवानी ने समाज को सिंध, सिंधी, सिंधियत का मतलब समझाने के उद्वेश्य से कार्यक्रम प्रदर्शित किया लोगो ने बहुत बड़ी संख्या में गायक के गानों पर खूब धमाल किया ।
इस कार्यक्रम के अंत में मेला प्रमुख एवं पंचायत अध्यक्ष मुकेश लख्याणी ने पधारे सभी अतिथियों एवं समाज के लोगों का मेले को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

