गांव, गरीब और किसान विकास के केंद्र में, 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गांव, गरीब, युवा, नारी शक्ति और किसान राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं के केंद्र में हैं। सड़कों, शिक्षा, चिकित्सा, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित राज उन्नति की 9वीं बैठक में करीब 15 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं, योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए स्वीकृति, निविदा और कार्यादेश की प्रक्रियाएं समय पर पूरी हों। फील्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करने और हर स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पांच हजार से अधिक आबादी वाले ग्रामीण कस्बों में बन रहे अटल प्रगति पथों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 के शेष कार्य और वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के प्रगतिरत कार्यों को नवंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। दूसरे चरण के निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू कराने को कहा गया।
राज्य के सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिए करीब 12,500 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। सभी 41 जिलों के 65,308 राजकीय विद्यालयों का तकनीकी सर्वे पूरा हो चुका है।
सर्वे में 3,587 जर्जर स्कूल भवनों और करीब 71,078 कक्षा-कक्षों के साथ बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं में सुधार की जरूरत सामने आई है।
पिछले दो वर्षों में स्कूलों में सुविधाओं के विकास के लिए 3,364 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर 1,220 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। करीब 2,500 करोड़ रुपए के 5,000 कार्य प्रगतिरत हैं, जबकि 652 नए स्कूल भवनों को प्रशासनिक स्वीकृति देकर निविदा प्रक्रिया में लिया गया है।
ग्रामीण युवाओं और आमजन को अध्ययन एवं ऑनलाइन सेवाओं की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत मुख्यालयों पर अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। प्रथम चरण में स्वीकृत 2,052 केंद्रों में 628 पूर्ण हो चुके हैं। दूसरे चरण में 3,000 केंद्र बनाए जाने हैं, जिनमें 1,000 की स्वीकृति जारी हो चुकी है।
इन केंद्रों में पुस्तकालय, ई-पुस्तकालय, ई-मित्र, ऑनलाइन सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पन्नाधाय बाल गोपाल योजना की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूलों में विद्यार्थियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। योजना से करीब 46 लाख विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं और इसके लिए करीब 800 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।
वीबी-जीरामजी योजना की समीक्षा में बताया गया कि जुलाई से अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 3 करोड़ 29 लाख रोजगार दिवस सृजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पात्र परिवारों को जरूरत के अनुसार रोजगार और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मुख्यमंत्री ने वर्ष 2029 तक सभी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। दिसंबर 2026 तक सभी प्रगतिरत आवास पूरे कराने और लाभार्थियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं से संबंधित 8 लाख 97 हजार 808 शिकायतें 1 जनवरी से 21 सितंबर 2026 तक प्राप्त हुईं। इनमें से 8 लाख 68 हजार 425 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 3.27 प्रतिशत शिकायतें लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पेयजल, जलभराव और सड़क संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
भरतपुर, बीकानेर और अजमेर के तीन इंजीनियरिंग कॉलेजों को राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरआईटी) के रूप में विकसित किया जाएगा। इनके लिए विधानसभा में विधेयक पेश करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीनों संस्थानों की स्थापना पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए छह नए ट्रोमा सेंटरों के निर्माण की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न केंद्रों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। दूदू में ट्रोमा सेंटर का कार्य पूरा हो चुका है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्मार्ट योजना के तहत 10 प्रमुख योजनाओं को आगामी 10 दिसंबर तक स्मार्ट मंच पर लाने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

