बिरला ऑडिटोरियम में 29 अप्रैल को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह

WhatsApp Channel Join Now
बिरला ऑडिटोरियम में 29 अप्रैल को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह


जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। विद्या भारती राजस्थान द्वारा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 47 मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में 29 अप्रैल (बुधवार) को बिरला ऑडिटोरियम, स्टेच्यू सर्किल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में सेवाधाम, जवाहर नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संगठन मंत्री गोविन्द कुमार ने बताया कि समारोह पूज्य 108 ओमदास महाराज (पीठाधीश्वर, अखिल भारतीय सांगरिया धूणी, सीकर) के सान्निध्य में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में विद्या भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री गोविन्द चन्द्र महन्त मार्गदर्शन देंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या भारती की पूर्व छात्रा एवं अतिरिक्त वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश कल्पना पारीक भी मौजूद रहेंगी।

समारोह में जयपुर महानगर के करीब 300 मेधावी छात्र-छात्राओं सहित पूरे प्रदेश से प्रतिभाशाली विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक शामिल होंगे। विद्या भारती के लिए यह गौरव का विषय है कि आरएएस-2024 में इसके 79 पूर्व छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में पाठ्यक्रम निर्माण, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती का सरकार के साथ निरंतर सहयोग बना हुआ है। इस अवसर पर अखिल भारतीय मंत्री शिवप्रसाद, राजस्थान उपाध्यक्ष प्रो. भरतराम तथा अखिल भारतीय प्रशिक्षण सह-संयोजक राममनोहर भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story