जीत के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने निकाले विजय जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
जीत के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने निकाले विजय जुलूस


जोधपुर, 14 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना के बाद विजयी घोषित हुए कई प्रत्याशियों के समर्थकों ने शहर में विजय जुलूस निकाले। समर्थकों ने पटाखे फोडक़र आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और जमकर नारेबाजी करते हुए जीत का जश्न मनाया। हालांकि प्रशासन की ओर से विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगाई गई थी, इसके बावजूद कई स्थानों पर प्रत्याशियों के समर्थक जुलूस के रूप में सडक़ों पर निकले। जीत की खुशी में समर्थकों ने नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित होने के साथ ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। कई इलाकों में जीत का जश्न दोपहर बाद तक जारी रहा। वार्ड नंबर 12 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बाहेती के विजयी होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया तथा आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। भंवरलाल बाहेती ने बताया कि जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुआ, कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चुनाव कार्यालय पहुंच गए। यहां सभी ने एक-दूसरे को जीत की बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। विजय के बाद प्रियंका बाहेती ने फोन के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी ने जो आशीर्वाद और विश्वास मुझे दिया है, यह केवल मेरी जीत नहीं बल्कि आप सभी की जीत है। आपने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर मैं पूरी प्राथमिकता के साथ कार्य करूंगी।

वहीं वार्ड नंबर 46 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा गहलोत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 37 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। रेखा गहलोत की जीत की घोषणा होते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और खुशी मनाकर जीत का जश्न मनाया। जीत के बाद रेखा गहलोत ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वार्ड 46 के सभी वार्डवासियों की जीत है। ेखा गहलोत की जीत में जेएनवीयू के पूर्व छात्रसंघ महासचिव अंकित गहलोत और गुमान सिंह गहलोत की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story