व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग के नाम पर जनता को परेशान करना बंद करे भाजपा सरकार : प्रताप सिंह खाचरियावास
जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। पूर्व परिवहन मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने राज्य सरकार की व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग (वीएलटीडी) व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके नाम पर वाहन मालिकों और आम जनता को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण हजारों वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खाचरियावास ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते आर्थिक बोझ से जूझ रही है। ऐसे समय में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग के नाम पर अतिरिक्त खर्च का बोझ डालना जनहित के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले स्मार्ट मीटर और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के नाम पर भी लोगों को परेशान किया गया और अब वीएलटीडी को लेकर नया बोझ डाला जा रहा है। उनका कहना था कि सरकार बार-बार नए नियम लागू कर जनता से अतिरिक्त राशि वसूलने का प्रयास कर रही है।
खाचरियावास ने कहा कि इस पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जनता से वसूली जा रही राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। यदि यह व्यवस्था वास्तव में जनहित में है तो लोगों को सुविधा मिलनी चाहिए, न कि अनावश्यक परेशानी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता और वाहन मालिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी। यदि सरकार ने इस व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस सड़क से लेकर जनआंदोलन तक वाहन मालिकों के साथ खड़ी होकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

