अम्बेडकर जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
अम्बेडकर जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दी श्रद्धांजलि


जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित अंबेडकर सर्किल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की जो अलख जगाई, वह आज भी प्रासंगिक है। राजे ने विशेष रूप से महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति डॉ. अम्बेडकर की दूरदर्शी सोच को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि शिक्षा केवल पुरुषों के लिए ही नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए भी उतनी ही आवश्यक है। शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है और समाज में उनकी सशक्त भूमिका सुनिश्चित करती है। आज देश की हर शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला के पीछे बाबा साहेब की सोच का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देता है।

राजे ने बताया कि डॉ. अम्बेडकर ने वर्ष 1937 में ‘ऑल इंडिया वीमेंस कॉन्फ्रेंस’ में महिलाओं को मतदान का अधिकार देने और विधायी संस्थाओं में उनके लिए आरक्षण की वकालत की थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बाबा साहेब के विचारों का सम्मान करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story