वरुथिनी एकादशी  :गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर जी का हुआ पंचामृत अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
वरुथिनी एकादशी  :गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर जी का हुआ पंचामृत अभिषेक


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख कृष्ण पक्ष की वरुथिनी एकादशी पर सोमवार को शहर के मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और दिनभर मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विशेष रूप से गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया गया।

ठाकुरजी का भव्य श्रृंगार किया गया। लाल रंग की पोशाक धारण कराकर गोचारण लीला की झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मंदिर प्रांगण में सजी विशेष झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त उमड़े।

सुभाष चौक पानों का दरीबा स्थित श्री सरस निकुंज में श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर जी को वेद मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि पुष्पों से ठाकुर जी का श्रृंगार किया गया। रामगंज बाजार स्थित मंदिर श्री लाड़ली जी में महंत संजय गोस्वामी के सान्निध्य में भगवान का विशेष श्रृंगार कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। भगवान को केसर, पिस्ता, बादाम युक्त मक्खन, स्वादिष्ट रबड़ी, विविध मेवा, ताजे फल एवं अन्य विशेष व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने भक्तिभाव से भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया।

पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी, चौड़ा रास्ता के राधा दामोदर जी, मदनगोपाल जी, रामगंज चौपड़ स्थित मदन गोपाल जी, चांदनी चौक स्थित बृज निधि जी, आनंद कृष्ण बिहारी जी सहित अन्य वैष्णव मंदिरों में भी वरूथिनी एकादशी उत्सव भक्तिभाव से मनाया गया।

इस अवसर पर दुर्लभ राज पंचक योग भी बना, जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत शुभ माना गया। श्रद्धालुओं ने इस विशेष संयोग में आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ विभिन्न मांगलिक कार्यों के लिए भी प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story