पांच करोड़ रुपये की लागत से सिविल लाइंस आरओबी के नीचे बनेगा स्पोट्र्स एरिना-पार्किंग

WhatsApp Channel Join Now
पांच करोड़ रुपये की लागत से सिविल लाइंस आरओबी के नीचे बनेगा स्पोट्र्स एरिना-पार्किंग


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से सिविल लाइंस आरओबी के नीचे जेडीए स्पोटर्स एरिना और पार्किंग डवलप करेगा। इसके लिए जल्द ही टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं अपनाई जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस आरओबी के नीचे 2000 स्क्वायर मीटर में पार्किंग तो 4000 स्क्वायर मीटर में स्पोट्र्स एरिना बनाया जाएगा। आरओबी के नीचे 65 कार और 120 दुपहिया वाहनों की पार्किंग बनेगी।

जयपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने तथा शहर के विकास से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में गुरुवार को पीडब्ल्यूसी की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क विकास, यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा, विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग, स्मार्ट सिटी परियोजना के संचालन एवं संधारण सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में गोपालपुरा अंडरपास (त्रिवेणी आरओबी साइड से भास्कर पुलिया तक) निर्माण कार्य के लिए 47.87 करोड़ , आरओबी सिविल लाइंस के नीचे स्पोट्र्स एरिना विकसित करने के लिए 4.25 करोड़ तथा जोन-7 क्षेत्र में गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण के लिए 6.94 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

इसी प्रकार जोन-9 की प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा संबंधी आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं उन्नयन के लिए लगभग 3.56 करोड़ रुपए के प्रस्ताव पर विचार किया गया। सड़क विकास से संबंधित प्रस्तावों में सी-जोन बाइपास से विनायक होटल तक कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य के लिए लगभग 42.39 करोड़, 200 फीट बाइपास से खातीपुरा आरओबी तक रेलवे लाइन के साथ-साथ खिरणी आरओबी तक सड़क नवीनीकरण कार्य के लिए लगभग 6.83 करोड़ तथा वैशाली नगर स्थित प्रिंस रोड पर नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य के लिए लगभग 6.14 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। बैठक में जोन-सी-2 के अंतर्गत मानसरोवर स्थित विक्रमादित्य मार्ग पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए 8.42 करोड़, जेडीए क्षेत्र में सेक्टर सड़कों एवं विभिन्न स्थानों पर उच्च एवं निम्न दाब विद्युत लाइनों तथा ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग एवं डिस्मेंटलिंग के लिए वार्षिक दर अनुबंध (एआरसी) के तहत 6.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव शामिल रहा। जोन-9 में गोनेर-जगतपुरा पुलिया से खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक 100 फीट सेक्टर रोड तथा एनआरआई सर्किल से वीआईटी रोड दांतली तक 160 फीट सेक्टर रोड के चौड़ीकरण के दौरान बाधा बन रही विद्युत एचटी,एलटी केबल, स्ट्रीट लाइट संबंधी यूटिलिटी एवं ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग और डिस्मेंटलिंग के कार्य के लिए 10.68 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त, जेडीए भवन में अग्निशमन एवं फायर अलार्म प्रणाली के नवीनीकरण के लिए लगभग 2.92 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। बैठक में जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी देवेंद्र गुप्ता, अजय गर्ग, संजीव जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story