विधानसभा की विभिन्न समितियों का गठन, सदस्यों व सभापतियों का किया मनोनयन

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा की विभिन्न समितियों का गठन, सदस्यों व सभापतियों का किया मनोनयन


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने वर्ष 2026-27 के लिए राजस्थान विधानसभा की विभिन्न समितियों का गठन करते हुए उनके सभापतियों एवं सदस्यों का मनोनयन किया है। इस दौरान सोलहवीं विधानसभा की कई महत्वपूर्ण समितियों का पुनर्गठन किया गया।

नियम समिति में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी स्वयं पदेन सभापति होंगे। इस समिति में वसुन्धरा राजे, अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों को शामिल किया गया है।

प्रश्न एवं संदर्भ समिति का सभापति राजेन्द्र पारीक को बनाया गया है, जबकि महिलाओं एवं बालकों के कल्याण संबंधी समिति की जिम्मेदारी कल्पना देवी को सौंपी गई है।

इसी प्रकार पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के सभापति नरेन्द्र बुडानियां तथा अनुसूचित जाति कल्याण समिति के सभापति रमेश खींची बनाए गए हैं।

अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति की कमान फूल सिंह मीणा को दी गई है। गृह तथा स्थानीय निकायों एवं पंचायतीराज संस्थाओं संबंधी समिति के सभापति डॉ. जसवंत सिंह यादव होंगे।

इसके अलावा पुस्तकालय एवं सरकारी आश्वासन समिति के सभापति हरिसिंह रावत, याचिका एवं सदाचार समिति के सभापति कैलाश चन्द वर्मा तथा विशेषाधिकार एवं अधीनस्थ विधान समिति के सभापति जितेन्द्र कुमार गोठवाल बनाए गए हैं।

अल्पसंख्यकों के कल्याण एवं पर्यावरण संबंधी समिति की अध्यक्षता केसाराम चौधरी करेंगे।

वहीं सामान्य प्रयोजन समिति में भी विधानसभा अध्यक्ष देवनानी पदेन सभापति होंगे, जिसमें मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ विधायकों को सदस्य बनाया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विश्वास जताया कि गठित सभी समितियां शासन के कार्यों की प्रभावी समीक्षा करते हुए जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story