वंशिका प्रकरण: न्याय की मांग को लेकर भाजपा मुख्यालय पर धरने पर बैठे परिजन

WhatsApp Channel Join Now
वंशिका प्रकरण: न्याय की मांग को लेकर भाजपा मुख्यालय पर धरने पर बैठे परिजन


जयपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रताप नगर क्षेत्र में 5 जून को लापता हुई 15 वर्षीय वंशिका गर्ग का शव मिलने के मामले में न्याय की मांग को लेकर शनिवार को उसके माता-पिता, भाई और अन्य परिजन भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इससे पहले वंशिका के पिता मनीष गर्ग ने दो दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी थी।

मनीष गर्ग ने आरोप लगाया कि एक माह बीत जाने के बाद भी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और पुलिस निष्पक्ष जांच के बजाय पीड़ित परिवार पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस आत्महत्या का दावा कर रही है, जबकि परिवार के कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट सार्वजनिक करने, जांच की स्थिति स्पष्ट करने तथा आरोपिताें पर कार्रवाई की मांग की।

वंशिका की मां संतोष गर्ग ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या हुई है और परिवार न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगा। वहीं संयुक्त अभिभावक संघ, राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story