गंगादशमी पर मुख्यमंत्री ने किया बंध बरेठा बांध पर जल पूजन, ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ का शुभारंभ
भरतपुर/जयपुर, 25 मई (हि.स.)। गंगादशमी के पावन अवसर पर सोमवार को राजस्थान सरकार के महत्वाकांक्षी ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ की शुरुआत भरतपुर जिले के ऐतिहासिक बंध बरेठा बांध से हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत जल पूजन कर अभियान का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों से जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
सुबह से ही बंध बरेठा बांध परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों और वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच मुख्यमंत्री ने जल की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि “जल ही जीवन का आधार है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बंध बरेठा बांध की पाल और अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना के विस्तार एवं उन्नयन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़ी सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता और तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक क्षेत्रों में जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों के समन्वय से मजबूत बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बांध की उपयोगिता, जल भंडारण क्षमता और क्षेत्रीय जल संकट के समाधान को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जल संकट के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान जैसे जल संकट प्रभावित राज्य में जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में तालाबों, बांधों, बावड़ियों और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही आमजन से अपील की कि वे जल बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुरसिंह कोली, रितू बेनावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण से जुड़े संदेशों का प्रसार किया गया और लोगों को जल बचाने का संकल्प भी दिलाया गया। बंध बरेठा बांध परिसर में आयोजित यह आयोजन धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण का संगम बनकर उभरा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

