काली पहाड़ी के जंगल में फिर भीषण आग, कई पेड़ जले

WhatsApp Channel Join Now
काली पहाड़ी के जंगल में फिर भीषण आग, कई पेड़ जले


उदयपुर, 2 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र स्थित काली पहाड़ी रावला के जंगल में शनिवार दोपहर एक बार फिर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। करीब 3 बजे शुरू हुई आग ने तेज हवा और गर्मी के चलते देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें जंगल से निकलकर मुख्य सड़क तक पहुंच गईं, जिससे मावली-वल्लभनगर रोड पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और वल्लभनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान सड़क पर घना धुआं फैलने से दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिससे हादसे का खतरा बना रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन ट्रैफिक रुकवाया।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हजारों छोटे-बड़े पेड़-पौधे जलकर खाक हो गए और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा। इससे पहले गुरुवार को भी इसी क्षेत्र में आग लगने से करीब 200 बीघा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था। लगातार दूसरी बार आग लगने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दमकल के आने से पहले ही झाड़ियों और बाल्टियों से पानी डालकर आग को आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। बाद में दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया जा सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। एक ही स्थान पर बार-बार आग लगने से ग्रामीणों ने साजिश की आशंका भी जताई है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story