सोशल मीडिया से जन-जन तक पहुंचाएं भाजपा की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया से जन-जन तक पहुंचाएं भाजपा की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियां


जयपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सोमवार को जयपुर में संपन्न हुई। इसमें पार्टी की विचारधारा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को डिजिटल माध्यमों से आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यशाला में प्रदेशभर में सोशल मीडिया संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की विचारधारा को तथ्यों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर सकारात्मकता, सक्रियता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया संगठन की ताकत और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कार्यकर्ता डिजिटल योद्धा के रूप में जिम्मेदारी निभाए और आधुनिक तकनीक, नए मंचों तथा प्रभावी सामग्री के जरिए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने प्रदेश से बूथ स्तर तक सोशल मीडिया टीम मजबूत करने की बात कही।

प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, समन्वय और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ता पूरी तैयारी और जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाएं। प्रदेश सह-प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने समयबद्ध और प्रभावी डिजिटल संवाद पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों, जनभावनाओं और सरकार की उपलब्धियों को समझकर योजनाबद्ध तरीके से काम करें।

कार्यशाला में डिजिटल सामग्री निर्माण, सोशल मीडिया मंचों पर सक्रियता, सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के प्रचार तथा प्रदेशभर में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक हीरेंद्र कौशिक, आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह-संयोजक अजय विजयवर्गीय, गिरिल भाटिया, मोहित सनाध्या और विकास शर्मा सहित विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story