राजस्थान विश्वविद्यालय में महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम को लेकर बवाल, एनएसयूआई-एबीवीपी आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान विश्वविद्यालय में महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम को लेकर बवाल, एनएसयूआई-एबीवीपी आमने-सामने


राजस्थान विश्वविद्यालय में महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम को लेकर बवाल, एनएसयूआई-एबीवीपी आमने-सामने


जयपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान विश्वविद्यालय में शुक्रवार को महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को छात्र संगठनों के बीच तीखा विवाद हो गया। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया, इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प भी हुई।

शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और नारेबाजी करते हुए अंदर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने पहले से ही गेट पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नीचे उतारकर हिरासत में लिया और गाड़ियों में बैठाकर ले गई। कुछ कार्यकर्ता सड़क पर लेटकर विरोध जताते नजर आए।

दरअसल, विश्वविद्यालय के मानविकी पीठ सभागार व संविधान पार्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े ‘मातृशक्ति संवाद’ एवं महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित था, जिसका एनएसयूआई ने विरोध किया। संगठन का आरोप था कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी विशेष विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

प्रदर्शन में युवा नेता कार्तिकेय भारद्वाज सहित कई छात्र नेता शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए इसे संविधान, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के खिलाफ बताया। वहीं एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष शुभम डंडोरिया के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई।

प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कार्यक्रम का समर्थन करते हुए एनएसयूआई पर राजनीतिक लाभ के लिए विरोध करने का आरोप लगाया और कहा कि कार्यक्रम विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति से आयोजित किया जा रहा है।

स्थिति को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आने-जाने वालों की सघन जांच की गई। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story