यूपीपीएससी सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा ने किया आरपीएससी का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
यूपीपीएससी सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा ने किया आरपीएससी का दौरा


अजमेर, 27 अगस्त(हि.सं)। राजस्थान लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और परीक्षा प्रक्रियाओं को समझने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा ने गुरुवार को आरपीएससी कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आयोग की परीक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था, परिणाम प्रक्रिया और प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी ली। आरपीएससी कार्यालय पहुंचने पर आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ एवं आयोग सदस्य डॉ. सुशील कुमार बिस्सु ने उन्हें साफा पहनाकर स्वागत किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए डॉ. वर्मा ने आयोग परिसर में पौधारोपण भी किया।

अनुभागों का निरीक्षण कर परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से ऑन-स्क्रीन मार्किंग और स्कैनिंग प्रक्रिया को समझा। डॉ. वर्मा ने इन प्रक्रियाओं की गति और सटीकता की सराहना की। उन्होंने आयोग में परीक्षा आयोजन, परिणाम जारी करने और साक्षात्कार प्रक्रिया में लाई गई गतिशीलता की भी प्रशंसा की। इसके साथ ही हाल में लागू किए गए अन्य प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी भी ली।

अन्य राज्यों ने भी दिखाई आरपीएससी की व्यवस्थाओं में रुचि: उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व महाराष्ट्र में आयोजित विभिन्न लोक सेवा आयोगों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में आरपीएससी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ ने राजस्थान लोक सेवा आयोग की व्यवस्थाओं और नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया था। बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के लोक सेवा आयोगों के प्रतिनिधियों ने आरपीएससी की कार्यप्रणाली में रुचि दिखाई थी। यूपीपीएससी सदस्य का यह दौरा भी इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोग के अनुसार अन्य राज्यों के लोक सेवा आयोगों ने भी राजस्थान में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं और नवाचारों का अध्ययन करने के लिए आरपीएससी से संपर्क किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story