बच्चों को स्मार्टफोन न दें, परिवार के साथ समय बिताएं : योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों को स्मार्टफोन न दें, परिवार के साथ समय बिताएं : योगी आदित्यनाथ


बच्चों को स्मार्टफोन न दें, परिवार के साथ समय बिताएं : योगी आदित्यनाथ


बच्चों को स्मार्टफोन न दें, परिवार के साथ समय बिताएं : योगी आदित्यनाथ


जालोर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति से आह्वान किया कि छोटी उम्र के बच्चों को रोने या नाराज होने दें, लेकिन उन्हें स्मार्टफोन बिल्कुल न दें। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन का अत्यधिक प्रयोग बच्चों और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है और यह डिप्रेशन जैसी समस्याओं को बढ़ा रहा है।

सोमवार को रत्नेश्वर महादेव मंदिर के 375 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय महायज्ञ और विशाल धर्मसभा में शामिल हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चे जितना समय स्मार्टफोन पर बिताते हैं, उतना समय यदि अच्छी पुस्तकों के अध्ययन, योग और व्यायाम में लगाएं तो उनका जीवन अधिक बेहतर और व्यवस्थित बन सकता है।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी को सलाह दी कि स्मार्टफोन का प्रयोग केवल आवश्यकता के अनुसार ही करें। परिवार के लिए समय निकालें और आपस में संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भोजन और पूजा के समय फोन उठाने से बचें और बाद में कॉल बैक करें।

उन्होंने कहा कि जीवन में यदि विफलता मिलती है तो उसके कारणों को समझकर उसे सफलता में बदलना चाहिए। चुनौतियों से घबराने की बजाय उनका सामना करना ही जीवन की असली परीक्षा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के दुश्मन युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलना चाहते हैं, लेकिन समाज को मिलकर ऐसे नशे के सौदागरों को रोकना होगा। उन्होंने अपील की कि परिवार, समाज, गांव और शहरों में ऐसे लोगों को पनपने न दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में 200 से अधिक देश हैं, लेकिन भारत अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के कारण अलग पहचान रखता है। ऋषि-मुनियों की परंपरा, त्योहारों और समाज के सभी वर्गों के योगदान से भारत का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि धर्म समाज को जोड़ने का माध्यम है, जबकि जातिवाद समाज को कमजोर करता है। इसलिए समाज को एकता और समरसता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि जब 145 करोड़ भारतीय एकजुट होकर बोलते हैं तो 500 वर्षों पुरानी कठिन समस्याओं का भी समाधान संभव हो जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एकता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में महंत पीर गंगानाथ, तिजारा विधायक महंत बालक नाथ सहित नाथ संप्रदाय के कई संत-महंत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story