बीकानेर में वीर सावरकर की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में वीर सावरकर की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण


बीकानेर, 26 फरवरी (हि.स.)। क्रांतिकारी राष्ट्रभक्त विनायक दामोदर सावरकर (वीर सावरकर) की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण गुरुवार को दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल थे। इस अवसर पर बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सिद्धि कुमारी तथा श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वीर सावरकर की साठवीं पुण्यतिथि पर वीर सावरकर पर्यावरण सेवा समिति द्वारा एमएन अस्पताल के सामने यह प्रतिमा स्थापित की गई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि वीर सावरकर प्रखर राष्ट्रवादी और महान देशभक्त थे। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सावरकर ने जेल में अनेक यातनाएं सही और वे सामाजिक समरसता व भारतीय संस्कृति के प्रतीक थे। संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी प्रतिमा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के प्रयासों से स्थापित हुई थी। यहां स्थापित यह प्रतिमा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि वीर सावरकर ने देश को राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाया। उनका व्यक्तित्व अत्यंत प्रेरणादायी था और उन्होंने देशहित को सदैव सर्वोपरि रखा। विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि ऐसे इतिहास पुरुषों के संघर्ष से ही देश को आजादी मिली और हमें उनके प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए।

इस अवसर पर टेकचंद बरड़िया और डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने भी वीर सावरकर के जीवन के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला। समिति के संस्थापक उम्मेद सिंह राजपुरोहित ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संभवतः यह प्रदेश की पहली अष्टधातु प्रतिमा है, जिसका उद्देश्य आमजन को सावरकर के जीवन से प्रेरणा देना है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया तथा साध्वी ऋतम्भरा ने खेजड़ी का पौधा भी रोपा। समारोह में कर्नल हेमसिंह शेखावत, अखिलेश प्रताप सिंह, नरेन्द्र सिंह बीका, मदन मोदी, श्याम पंचारिया, महावीर रांका, श्याम सिंह हाडला, मनीष आचार्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story