मेड़ता में शौर्य और संस्कृति का गौरवपूर्ण क्षण: राव दूदा मेड़तिया की प्रतिमा का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
मेड़ता में शौर्य और संस्कृति का गौरवपूर्ण क्षण: राव दूदा मेड़तिया की प्रतिमा का अनावरण


मेड़ता में शौर्य और संस्कृति का गौरवपूर्ण क्षण: राव दूदा मेड़तिया की प्रतिमा का अनावरण


नागौर, 14 मई (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने दुनिया को संदेश दे दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति जीरो टालरेंस की होगी। हमने 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक की। भारत की सेना सीमापार जाकर आतंकवादियों को मार सकती है, हमने दुनिया को दिखाया। 2019 में एयर स्ट्राइक कर आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप को तबाह कर दिया था। पूरी दुनिया ने इसे देखा। इसके बाद जो ऑपरेशन सिंदूर हुआ उससे तो लगा जैसे इतिहास ही बदल दिया।

रक्षा मंत्री सिंह गुरुवार को मेड़ता (नागौर) के मीरा स्मारक परिसर में मेड़ता राज्य के संस्थापक, महान योद्धा और कुशल प्रशासक राव दूदा मेड़तिया की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहुत सी ऐसी बातें हैं तो सार्वजनिक रूप से नहीं बोल सकता हूं। मगर हमारे जवानों और अधिकारियों के साथ तीन सेनाओं ने जिस तरह से ये ऑपरेशन किया, वह भारत के इतिहास में बेमिसाल है। शायद फिर से पाकिस्तान भारत की ओर नजर उठाने की हिम्मत न करें। इस धरती से बताकर जा रहा हूं कि पाकिस्तान ने फिर आंख उठाने की हिम्मत की तो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम किसी को छेड़ते नहीं है, हमको कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ते नहीं। आतंकवादियों ने पहलगाम में धर्म पूछकर हमारे लोगों को मारा। हमारी संस्कृति कहती है कि जाति, धर्म, मजहब के आधार पर कोई बंटवारा नहीं होना चाहिए। हम इंसाफ और इंसानियत में विश्वास करने वाले लोग हैं। मगर पाकिस्तान के आतंकवादी आकर धर्म पूछकर गोलियों से भून रहे हैं। पूरा देश इस घटना से आक्रोशित था। इसके बाद हमने ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन के होश उड़ गए। हमारे लोगों पर कोई हमला करेगा तो हम घर में घुसकर उसका जवाब देंगे। कोई सीमा हमें नहीं रोक सकती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार नारी शक्ति को मजबूत करने के लिए हर कदम उठा रही है। महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए 33 फीसदी आरक्षण संसद और विधानसभा-विधान परिषद् में दिलाने के लिए बिल लेकर आए। मगर हमारे विपक्ष के साथियों ने उसे पारित नहीं होने दिया। इस काम के लिए हम पूरी तरह से तैयार है। देर हो सकती है। मगर जो संकल्प किया है, उसे पूरा करेंगे।

सिंह ने कहा कि राजस्थान के युवाओं का सेना से पुराना रिश्ता है। जब मैं सीमा पर जाता हूं तो कोई न कोई राजस्थान का ऐसा बहादुर जवान मिल जाता है। यहां के घर-घर से फौजी निकलते हैं। आज के समय में नागौर के युवा सेना में शामिल होकर हमारी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। जिन माताओं ने ऐसे जवानों को जन्म दिया। उन्हें मैं सिर झुकाकर नमन करता हूं।

समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राव दूदा मेड़तिया को राष्ट्र नायक बताते हुए कहा कि ऐसे महापुरुष किसी एक समाज या जाति विशेष के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्र नायकों को जातीय सीमाओं में बांधना उनके महान योगदान का अपमान है। शेखावत ने कहा कि राव दूदा का जीवन केवल युद्ध और राज्य स्थापना तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने सुशासन, धर्म रक्षा, संस्कृति संरक्षण और सर्वसमाज के कल्याण को अपना जीवन समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि राव दूदा ने शक्ति का उपयोग जनकल्याण के लिए किया और भारत की सांस्कृतिक पहचान गाय, गंगा, गौरी, गायत्री और धर्म रक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे महापुरुषों के योगदान से समाज कभी उऋण नहीं हो सकता।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इतिहास का स्मरण केवल गौरव के लिए नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर वर्तमान और भविष्य को दिशा देने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राव दूदा जी के जीवन से प्रेरणा लेकर चरित्र निर्माण, नारी सम्मान, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाएं।

शेखावत ने कहा कि तेजी से बदलते आधुनिक दौर में यदि समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत को भूल जाएगा तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी क्षति होगी।

उन्होंने कहा कि राव दूदा जी जैसे महापुरुष हमें मूल्यों, परंपराओं और राष्ट्रभक्ति को जीवित रखने की प्रेरणा देते हैं। समारोह को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी संबोधित किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार दोपहर करीब 12 मेड़ता के पास डांगावास में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे थे। यहां राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story