लोकमंथन दर्शन परिक्रमा यात्रा के पोस्टर का विमोचन : 2 अक्टूबर को सीकर पहुंचेगी यात्रा 

WhatsApp Channel Join Now
लोकमंथन दर्शन परिक्रमा यात्रा के पोस्टर का विमोचन : 2 अक्टूबर को सीकर पहुंचेगी यात्रा 


सीकर, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय संस्कृति, सनातन ज्ञान परंपरा और लोक विरासत के संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 'लोकमंथन दर्शन परिक्रमा यात्रा' के पोस्टर का विमोचन सीकर जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने किया।

इस अवसर पर सीकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सुभाष चंद्र, सीकर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता चितरंजन सिंह, चैतन्य कुमार, कार्यक्रम के जिला संयोजक विवेक जांगिड़ सहित विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह यात्रा आगामी 2 अक्टूबर को सीकर जिले में पहुंचेगी। प्रातः 9 बजे राजकीय कन्या महाविद्यालय, सीकर में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंडावरा ग्राम में सांस्कृतिक और लोक विमर्श के विविध आयोजन संपन्न होंगे।

'लोकमंथन' भारत की परंपरा, लोककला, लोकजीवन और सांस्कृतिक चेतना को आधुनिकता के साथ जोड़ने का एक वैचारिक व सांस्कृतिक मंच है। इसका मुख्य ध्येय समाज के विभिन्न वर्गों, कलाकारों, शिल्पकारों, युवाओं और ग्रामीण समाज को एक साथ जोड़कर सांस्कृतिक आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना है। मंडावरा ग्राम में यात्रा के पड़ाव के दौरान ग्रामीण जीवन और परंपराओं पर आधारित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिसके तहत स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्प और पारंपरिक कला विधाओं का प्रदर्शन, क्षेत्रीय लोकगीत, भजन, लोकनृत्य और पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं, जल संरक्षण, देशी कृषि, स्वदेशी उत्पादों और ग्राम स्वावलंबन पर सार्थक संवाद, हम भारत के लोग' की संवैधानिक और सांस्कृतिक भावना के तहत समाज के सभी वर्गों को अपनी जड़ों से जोड़ना शामिल है।

विमोचन कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह यात्रा राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-नीति और इतिहास को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है। उपस्थित अधिकारियों और आयोजकों ने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और लोक कलाकारों से 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story