केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा
बीकानेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश मेघवाल, जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानिचामी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पाण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कोटगेट रेलवे फाटकों से संबंधित कार्यों, बीकानेर एयरपोर्ट के विस्तार, शहर में सीएनजी बसों के संचालन, रायसर क्षेत्र में पर्यटन विकास तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही संभावित आपात परिस्थितियों, विशेषकर ईरान युद्ध जैसे हालात में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की किसी प्रकार की किल्लत ना हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।
केंद्रीय मंत्री ने विशेष रूप से नशा बेचने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरंतर अभियान चलाकर इन्हें रोकना सुनिश्चित किया जाए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

