केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम ने जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरि जी महाराज से लिया आशीर्वाद
बीकानेर, 20 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु के श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम कृष्णगिरी के जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरि जी महाराज के पावन सान्निध्य में चैत्र नवरात्रि पर्व के मद्देनज़र आयाेजित विराट कथा यज्ञ महोत्सव एवं श्री महालक्ष्मी महायज्ञ में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं सिद्धि कुमारी ने शिरकत कर पूज्य जगद्गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने श्री पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट कृष्णगिरी द्वारा आयोजित बीकानेर की धरा पर हो रहे इस विराट आध्यात्मिक महोत्सव की सराहना करते हुए पूज्य जगद्गुरु का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस दौरान दोनों राजनेताओं का ट्रस्ट मंडल द्वारा स्वागत सत्कार भी किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने अपने संबोधन में महोत्सव की दिव्यता, भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए समाज में ऐसे आयोजनों की सार्थकता व महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि कृष्णगिरी ट्रस्ट के भक्तिमय कार्यक्रम संस्कार, श्रद्धा और आध्यात्मिक जागरण को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में मंच से देशनोक वाली मां करणी का एक संगीतमय भजन भी गाया। पूज्य गुरुदेव श्रीजी ने उन्हें आशीर्वचन प्रदान करते हुए राष्ट्र कल्याण, जनसेवा एवं धर्म-संवर्धन के लिए शुभकामनाएं दी।
आयाेजन से जुड़े कुनाल काेचर ने बताया कि यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। मोहन सुराणा, नरेश नायक, सुखचैन नायक, बसंत नवलखा, सुरेंद्र कोचर, विमल पारीक, हरिप्रसाद शर्मा, सुमन छाजेड़, नारायण चौपड़ा, सत्यप्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुरोहित, गोपाल अग्रवाल, किशोर आचार्य, श्रीपाल नाहटा और रवि रामपुरिया शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

