वैश्विक आपदा को नए अवसर में बदलेगा भारत: शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक आपदा को नए अवसर में बदलेगा भारत: शेखावत


जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य-पूर्व में युद्ध के कारण उपजी वैश्विक चुनौती पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस आपदा को भी एक नए अवसर के रूप में लेकर हम भारत को और अधिक सशक्त व समृद्ध बनाने की गति को तेज करने के लिए काम करेंगे।

पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर शेखावत ने कहा कि पैनिक क्रिएट किए बिना, हम सब लोग सामूहिक जिम्मेदारी, सबका प्रयास, सबका साथ और सबका विश्वास, इस संकल्पना के आधार पर इस चुनौती से देश को निकालने के लिए, देश के साथ खड़े हों। इस भाव से प्रधानमंत्री ने जो आह्वान किया, मैं मानता हूं और विश्वास के साथ कहता हूं कि पिछले 100 वर्षों में जब कभी भी संकट का काल आया, कोविड के समय में या उससे पहले, जब कभी भी बाहरी आपदा, किसी अन्य तरह की आपदा, मानव-निर्मित आपदा या कोई प्राकृतिक आपदा भारत में आई है, हम भारत के लोगों ने एक नजीर पेश करते हुए एक होकर उस चुनौती को पराजित करने के लिए काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं यह मानता हूं कि यह जो वैश्विक परिस्थिति खड़ी हुई है। इस परिस्थिति को न केवल भारत के हम सब लोग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में परास्त करेंगे, अपितु इस आपदा को भी एक नए अवसर के रूप में लेकर हम भारत को और अधिक सशक्त व समृद्ध बनाने की गति को तेज करने के लिए काम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story