दिल्ली में भाजपा फहराएगी जीत का परचम : शेखावत

जोधपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच जोधपुर पहुंचे केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस बार दिल्ली में भाजपा बहुमत से जीत हासिल कर अपना परचम लहराएगी। उन्होंने यह बात यहां जोधपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कही।
एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दिल्ली चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। पहले भी हरियाणा व महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाई थी। इस बार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी अपना परचम लहराएगी। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में बताया कि यह बजट मध्यम वर्ग के लिए स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स में 12 लाख तक की आय में छूट से आम आदमी को राहत मिल रही है। कुंभ के प्रबंधन को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत के अभियान को लेकर हमेशा टिका टिप्पणी करती आई है। कुंभ का प्रबंधन पूरी दुनिया देख रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश