फलसूण्ड में केंद्रीय मंत्री की जनसुनवाई और रात्रि चौपाल, पेयजल-बिजली व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
जयपुर, 10 मई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने शनिवार को जैसलमेर जिले की फलसूण्ड ग्राम पंचायत में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। भीषण गर्मी के बीच पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया।
जनसुनवाई के दौरान शेखावत ने एक-एक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार से 4800 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट और जांच संबंधी अड़चनों के कारण रुके कार्य अब तेजी से पूरे किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस योजना की अवधि वर्ष 2028 तक बढ़ाई गई है और देशभर के लिए अतिरिक्त बजट भी स्वीकृत किया गया है।
रात्रि चौपाल के दौरान शेखावत ने जलदाय विभाग को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी में हर गांव और ढाणी तक पीने का पानी प्राथमिकता से पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को टैंकरों से जल आपूर्ति की प्रभावी मॉनिटरिंग, साप्ताहिक कैलेंडर जारी करने तथा गरीबों को सार्वजनिक जलस्रोतों पर निःशुल्क पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पेयजल संकट और बिजली कटौती जैसी समस्याओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जैसलमेर और बाड़मेर के अब तक विद्युत सुविधा से वंचित घरों तक प्रधानमंत्री की नई योजना के तहत 1000 दिनों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री देर रात तक चौपाल में मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे। उन्होंने जल जीवन मिशन से वंचित ढाणियों का पुनः सर्वे कराकर घर-घर जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि शेखावत के प्रयासों से क्षेत्र में बिजली, सड़क, चिकित्सा और पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्यों को नई गति मिली है। आयोजन में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी रही और विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

