गर्मी में उपभोक्ताओं को मिले निर्बाध बिजली, अधीक्षण अभियंता बढ़ाएं फील्ड विजिट : आरती डोगरा
जयपुर, 23 मई (हि.स.)। प्रदेश में बढ़ती गर्मी और विद्युत मांग को देखते हुए डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने जयपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधीक्षण अभियंता अपने-अपने सर्किलों में फील्ड विजिट और निरीक्षण बढ़ाएं, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके और शिकायतों का त्वरित समाधान हो।
शनिवार को विद्युत भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में चेयरमैन डिस्कॉम्स ने जयपुर डिस्कॉम के सभी ओएंडएम सर्किल अधीक्षण अभियंताओं के साथ गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति, नए कनेक्शन, आगामी मानसून की तैयारियां, राजस्व प्राप्ति और उपभोक्ता सेवाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सर्किलवार डिफेक्टिव मीटर, विजिलेंस गतिविधियां और बिलिंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।
आरती डोगरा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रिड सब स्टेशनों, फीडरों तथा अधीनस्थ डिवीजन एवं सब-डिवीजन कार्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए। इससे निचले स्तर तक विद्युत लोड और लाइन लॉस की प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों पर प्रतिक्रिया समय में भी सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ विद्युत तंत्र पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में ट्रिपिंग और तकनीकी फॉल्ट की संभावनाओं को देखते हुए डिस्कॉम का पूरा तंत्र अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कॉल सेंटर, कंट्रोल रूम या अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर तकनीकी टीमें तत्काल मौके पर पहुंचें और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करें।
बैठक में चेयरमैन डिस्कॉम्स ने बताया कि डिस्कॉम द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लगभग सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। नए बिजली कनेक्शन, रीकनेक्शन, नाम परिवर्तन, लोड बढ़ाने और बिल जमा कराने जैसी सेवाएं अब डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं के आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
आरती डोगरा ने राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत बिलिंग और राजस्व अर्जन पर विशेष फोकस किया जाए। जिन फीडरों में विद्युत छीजत अधिक है, वहां विजिलेंस जांच गतिविधियों को तेज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर मॉनिटरिंग के जरिए अपने क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा।
आगामी मानसून सीजन को देखते हुए चेयरमैन डिस्कॉम्स ने सब स्टेशनों, ट्रांसफॉर्मर्स और अन्य विद्युत उपकरणों की समय रहते मेंटिनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
बैठक में निदेशक तकनीकी आरके शर्मा, सचिव (प्रशासन) बलदेवराम धोजक, विभिन्न विंगों के मुख्य अभियंता और जयपुर डिस्कॉम के सभी 18 ओएंडएम सर्किलों के अधीक्षण अभियंता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

