ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ : रेलवे सुरक्षा बल ने कानपुर से लापता बालिका को दी सुरक्षित सहायता

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ : रेलवे सुरक्षा बल ने कानपुर से लापता बालिका को दी सुरक्षित सहायता


कोटा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘नन्हे फरिश्ते’ के तहत भरतपुर रेलवे स्टेशन पर मिली 15 वर्षीय बालिका को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया शाम करीब 5 बजे भरतपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 03 पर गश्त के दौरान आरक्षक नवीन लाम्बा एवं महिला पॉइंट्समैन नीरेश को एक बालिका गुमसुम अवस्था में बैठी मिली। बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भरतपुर लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कानपुर क्षेत्र की रहने वाली है और घर से नाराज होकर निकल गई थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के उप निरीक्षक सौरभ चतुर्वेदी ने रेलवे सुरक्षा बल भरतपुर से संपर्क कर बालिका के घर से लापता होने की जानकारी दी तथा बताया कि उसे लेने के लिए पुलिसकर्मी एवं परिजन भरतपुर भेजे जा रहे हैं।

बालिका को महिला रेलकर्मी की निगरानी में सुरक्षित रखा गया। अगले दिन कानपुर देहात पुलिस के आरक्षक नकुल कुंतल एवं बालिका के बड़े भाई अवनीश पांडे भरतपुर पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन एवं प्रक्रिया के बाद बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story