देबारी हाईवे पर बेकाबू टैंकर का कहर: 12 से अधिक वाहनों को मारी टक्कर

WhatsApp Channel Join Now
देबारी हाईवे पर बेकाबू टैंकर का कहर: 12 से अधिक वाहनों को मारी टक्कर


उदयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर शहर के देबारी हाईवे पर गुरुवार को एक बेकाबू टैंकर ने सड़क पर चलते वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे देखते ही देखते कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। इस भीषण हादसे में 12 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि करीब 6 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए लंबा जाम भी लग गया।

घटना देबारी हाईवे पर पावर हाउस के सामने की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर काफी तेज रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित हो गया। बेकाबू टैंकर ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो कार और एक बाइक बुरी तरह पिचक गईं, जबकि अन्य कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उदयपुर के महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रतापनगर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार टैंकर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। टैंकर ने करीब 12 से अधिक वाहनों को टक्कर मारी, जिनमें 4 से 5 कारें, एक लोडिंग टेंपो, बाइक सहित अन्य वाहन शामिल हैं। दुर्घटना में लगभग 6 लोग घायल हुए हैं।

हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर गुरुवार सुबह ही केमिकल से भरा एक टैंकर भी पलट गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story