उम्मेद स्टेडियम में जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

WhatsApp Channel Join Now
उम्मेद स्टेडियम में जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान


जोधपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को उम्मेद राजकीय स्टेडियम का निरीक्षण कर आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं स्टेडियम परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) दौलत राम चौधरी, जिला खेल अधिकारी भरत सिंह गुर्जर सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग के सिविल एवं विद्युत विंग के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर ने स्टेडियम में प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा खिलाडिय़ों एवं आमजन के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का नियमित रखरखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं, ताकि खिलाडिय़ों को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने स्टेडियम मैदान में भूमिगत जलभराव की समस्या का अवलोकन किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मैदान के समीप स्थित नालियों में एकत्रित जल की प्रभावी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उच्च क्षमता का मड कटर सीवेज वाटर पंप स्थापित कर उसे मुख्य सीवर लाइन से जोडऩे की कार्यवाही सात दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा के दौरान मैदान में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

जिला कलेक्टर ने स्टेडियम परिसर में स्थापित शूटिंग रेंज एवं इंडोर हॉल का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को खेल परिसरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा खिलाडिय़ों की आवश्यकताओं के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन जिम्नास्टिक डोम का अवलोकन करते हुए रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्टेडियम परिसर में स्थापित बॉक्सिंग रिंग का निरीक्षण करते हुए जिला कलेक्टर ने उसके नवीनीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की सुरक्षा एवं अभ्यास की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मरम्मत एवं उन्नयन कार्य शीघ्र कराए जाएं। आलोक रंजन ने स्टेडियम स्थित फुटबॉल अकादमी परिसर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे सिविल निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story