उदयपुर में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, रोजाना 2-3 नए मरीज मिल रहे; एमबी में निशुल्क जांच
उदयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर शहर में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन दिनों रोजाना 2 से 3 नए संक्रमित सामने आ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराणा भूपाल राजकीय अस्पताल और आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। अस्पताल के संक्रामक रोग वार्ड में 10 आइसोलेशन बेड रिजर्व किए गए हैं, जिनमें फिलहाल 3 पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं।
एमबी अस्पताल के नए आउटडोर परिसर में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अलग स्पेशल कॉर्नर बनाया गया है। यहां सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। सरकारी अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच पूरी तरह निशुल्क है। निजी अस्पतालों में सामने आने वाले संदिग्ध मरीजों को भी जांच के लिए एमबी अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से सैंपलिंग का दबाव बढ़ा है। 27 अगस्त को लिए गए 11 सैंपलों में 2 मरीज पॉजिटिव मिले थे। 28 अगस्त को जांचे गए दोनों सैंपल भी पॉजिटिव आए। वहीं 29 अगस्त को 16 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले रक्षाबंधन के दौरान भी दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
राजस्थान में जनवरी से अगस्त तक स्वाइन फ्लू के 146 मामले सामने आए हैं, जिनमें अकेले अगस्त में 55 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ओपीडी में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश वाले मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

