उदयपुर में बहुमत के लिए चाहिए थी 24 सीटें, उतनी ही मिलीं भाजपा को

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में बहुमत के लिए चाहिए थी 24 सीटें, उतनी ही मिलीं भाजपा को


उदयपुर, 20 नवम्बर (हि.स.)। पंचायती राज चुनाव के नतीजों में उदयपुर जिला परिषद की सत्ता का गणित बेहद करीबी रहा। कुल 47 वार्डों वाली जिला परिषद में बहुमत के लिए 24 सीटों का आंकड़ा जरूरी था, और भाजपा ठीक इसी आंकड़े पर पहुंचकर बोर्ड बचाने में सफल रही। वहीं कांग्रेस को 22 सीटों पर जीत मिली, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का 1 सीट पर खाता खुला। दो सीटों के अंतर से चूक जाने का मलाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चर्चा का विषय बना रहा, जबकि जिला परिषद में बेहद करीबी अंतर और उदयपुर जिले की 20 पंचायत समितियों में से 11 में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखने से भाजपा के भीतर मंथन की स्थिति बनी है।

चुनाव परिणामों में कई सियासी उलटफेर भी सामने आए। खेरवाड़ा से भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी जिला परिषद चुनाव हार गए और उनके बेटे सोनू अहारी भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गए। दूसरी ओर, मावली से भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने जीत दर्ज की, जबकि जिला परिषद के एक वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी 1,575 वोटों के अंतर से विजयी रहे।

पंचायत समिति वार्डों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वल्लभनगर (17) में भाजपा को 16 व कांग्रेस को 1, सुलाव (15) में भाजपा को 13 व कांग्रेस को 2, बड़गांव (15) में भाजपा को 11, कांग्रेस को 3 व बाप को 1, नाई (15) में भाजपा को 11, कांग्रेस को 1 व बाप को 3, मावली (17) में भाजपा को 10 व कांग्रेस को 6, गोगुंदा (19) में भाजपा को 10 व कांग्रेस को 9, कोटड़ा (17) में भाजपा को 9 व कांग्रेस को 8, देवला (15) में भाजपा को 8 व कांग्रेस को 7 तथा गिर्वा (15) में भाजपा को 9, कांग्रेस को 5 व बाप को 1 सीट मिली।

इसके विपरीत सायरा (15) में कांग्रेस को 13 व भाजपा को 2, भींडर (19) में कांग्रेस को 10, भाजपा को 4 व निर्दलीय को 5, घासा (17) में कांग्रेस को 9, भाजपा को 7 व निर्दलीय को 1, कुराबड़ (15) में कांग्रेस को 9 व भाजपा को 6, ऋषभदेव (15) में कांग्रेस को 9, भाजपा को 4 व बाप को 2, झाड़ोल (15) में कांग्रेस को 8, भाजपा को 5 व बाप को 2, फलासिया (15) में कांग्रेस को 8, भाजपा को 2 व बाप को 5, खेरवाड़ा (17) में कांग्रेस को 8, भाजपा को 6, बाप को 1 व निर्दलीय को 2, कल्याणपुर (15) में कांग्रेस को 7, भाजपा को 3 व बाप को 5, ओगणा (15) में कांग्रेस को 7, भाजपा को 6, बाप को 1 व निर्दलीय को 1 तथा नयागांव (15) में कांग्रेस को 7, भाजपा को 4, बाप को 2 व निर्दलीय को 2 सीटें प्राप्त हुईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story