उदयपुर नगर निगम भूखंड घोटाला प्रकरण:फर्जी दस्तावेजों से लीज डीड बनवाने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर नगर निगम भूखंड घोटाला प्रकरण:फर्जी दस्तावेजों से लीज डीड बनवाने वाला गिरफ्तार


जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम के बहुचर्चित भूखंड घोटाले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। एसओजी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नगर निगम से भूखंड की लीज डीड जारी करवाने और बाद में उसे बेचकर अवैध लाभ कमाने के आरोप में गुलाब सिंह राव (63) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एसओजी अब तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि वर्ष 2004 में नगर विकास प्रन्यास (यूआईटी) उदयपुर से नगर निगम को हस्तांतरित किए गए भूखंडों में खाली और निरस्त पड़े भूखंडों के फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए थे। इसके बाद षड्यंत्र पूर्वक नगर निगम उदयपुर से इन भूखंडों की लीज डीड जारी करवाई गई। मामले में सूरजपोल थाना उदयपुर में दर्ज प्रकरण की जांच चल रही है।

एसओजी की जांच और पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपित गुलाब सिंह निवासी राजसमंद हाल उदयपुर ने अन्य सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर भूखंड हड़पने की साजिश रची।

जांच के अनुसार आरोपित ने हिरण मगरी सेक्टर-5 स्थित भूखंड संख्या 674 के फर्जी दस्तावेज अपने मृतक पिता माधु सिंह राव के नाम से तैयार करवाए। इसके बाद इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम उदयपुर से अपने नाम लीज डीड जारी करवा ली। बाद में भूखंड को बेचकर अवैध लाभ कमाया। जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर एसओजी ने आरोपित गुलाब सिंह को गिरफ्तार किया।

एसओजी इस भूखंड फर्जीवाड़े में अब तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले 10 सितंबर को आरोपित विपिन कोठारी को गिरफ्तार किया गया था, जो 15 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर है। पुलिस आरोपित गुलाब सिंह से पूछताछ कर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और भूखंडों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story