उदयपुर सांसद रावत का राजकुमार रोत पर भ्रम फैलाने का आरोप, डी-लिस्टिंग की मांग दोहराई

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर सांसद रावत का राजकुमार रोत पर भ्रम फैलाने का आरोप, डी-लिस्टिंग की मांग दोहराई


बांसवाड़ा, 22 फरवरी (हि.स.)। मन्नालाल रावत ने सांसद राजकुमार रोत और उनकी पार्टी पर समाज में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को हिंदू धर्म से अलग बताने का प्रयास किया जा रहा है। रावत ने कहा कि जाे बात राेत कहते हैं, यह नारा पादरी वैरियर एल्विन से जुड़ा है और इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग धर्म की बात कर कैथोलिक चर्च का एजेंडा आगे बढ़ाया जा रहा है।

रावत रविवार को बांसवाड़ा जिले के उमराई स्थित त्रिपुरा सुन्दरी मंदिर में आयोजित जनजाति सुरक्षा मंच की जिला स्तरीय कार्यशाला काे संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में मई 2026 में दिल्ली में प्रस्तावित ‘गर्जना रैली’ की तैयारियों पर चर्चा की गई।

सांसद रावत ने आरोप लगाया कि वर्ष 1950 से जनजाति समाज के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरित लोग जनजाति समाज को मिलने वाले आरक्षण और अन्य लाभों का अनुचित लाभ उठा रहे हैं। उनके अनुसार, समाज के लगभग पांच प्रतिशत धर्मांतरित लोग 70 प्रतिशत लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने संविधान में संशोधन कर अनुसूचित जनजाति में ‘डी-लिस्टिंग’ की व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि आरक्षण का लाभ केवल मूल जनजाति समाज को मिले।

रावत ने कहा कि अनुसूचित जनजाति की परिभाषा में अल्पसंख्यकों को शामिल करना असंवैधानिक है। उन्होंने अनुसूचित जाति की तर्ज पर अनुसूचित जनजाति में भी डी-लिस्टिंग की संभावना पर बल दिया। उनका कहना था कि इससे जनजातीय संस्कृति की रक्षा होगी, धर्मांतरण पर रोक लगेगी और संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

कार्यशाला में डॉ. कार्तिक उरांव के विचारों का उल्लेख करते हुए रावत ने जनजातीय मूल संस्कृति की रक्षा और संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित होने का आह्वान किया। उन्होंने 23-24 मई 2026 को दिल्ली में आयोजित ‘गर्जना रैली’ में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील की।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि 24 मई को दिल्ली में आयोजित रैली में देशभर के 752 जनजाति समुदायों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यशाला में समाज को जागरूक करने और रैली की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई गई

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story